वादाखिलाफी के विरोध में राज्य सरकार के खिलाफ की नारेबाजी हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। पंचायती राज मंत्री का स्वहस्ताक्षरित लिखित समझौता लागू नहीं करने से आक्रोशित ग्राम विकास अधिकारियों ने शुक्रवार को वादाखिलाफी आक्रोश आंदोलन ‘नया नहीं, न्याय चाहिए’ के तहत काले कपड़े पहनकर टाउन में पंचायत समिति कार्यालय में लगातार दूसरे दिन धरना देकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। ग्राम विकास अधिकारियों ने अंतर जिला स्थानांतरण, कैडर स्ट्रेंथन में सहायक विकास अधिकारी के पद सृजन, वेतन विसंगति दूर करने, डीआरडीए कार्मिकों को नियमित करने, वर्षांे से लंबित डीपीसी करवाने की मुख्य मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। ग्राम विकास अधिकारी आजाद कुमार ने बताया कि गत वर्ष 11 दिसंबर को पंचायती राज मंत्री की ओर से राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ की पांच मांगों पर सहमति जताते हुए 30 से 40 दिन में इसे लागू करने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन 9 माह बीत जाने के बाद भी इन्हें लागू नहीं किया गया है। इसके कारण पिछले कई दिनों से प्रदेश की 352 पंचायत समितियों के ग्राम विकास अधिकारी कार्य स्थगित कर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से उनकी मांगों को जल्द ही लागू नहीं किया गया तो 31 अगस्त के बाद में जिला स्तर पर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं 2 अक्टूबर को पूरे राजस्थान के ग्राम विकास अधिकारी जयपुर में धरना प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने समझौता पत्र लागू करने की मांग दोहराई।