नई दिल्ली
अक्सर घर की महिलाओं की यह शिकायत रहती है कि किचन कितना भी साफ कर लें, लेकिन अलमारी के पीछे छिपे कीड़े-मकोड़े भागने का नाम ही नहीं लेते हैं। अगर आप भी ऐसी ही महिलाओं में शामिल हैं जो किचन में छिपे कीड़े-मकोड़ों के आतंक से परेशान हैं तो ये खबर खास आपके लिए ही है। आप कुछ घरेलू उपाय आजमाकर अपनी इस समस्या से बड़ी आसानी से छुटकारा पा सकती हैं। आइए जानते हैं कैसे।
कीड़े-मकोड़ों को दूर करने के उपाय-
कपूर का इस्तेमाल-
कपूर का उपयोग करके आप बड़ी आसानी से अलमारी या स्टोर रूम में छिपे कीड़े-मकोड़े को भगा सकती हैं। इसके लिए कपूर को पीसकर उसका पाउडर बना लें। इस पाउडर में एक से दो चम्मच लैवेंडर तेल मिलाकर तैयार किए गए मिश्रण को किचन की अलमारी या जहां आपको लगता है कीड़े मकोड़े आ सकते हैं, वहां जगह-जगह छिड़क दें। इसके अलावा आप रुई में इस मिश्रण में भिगोकर भी रख सकते हैं। इस मिश्रण की तेज गंध से कीड़े-मकोड़े आसानी से भाग जाएंगे।
लौंग का इस्तेमाल-
किचन में मौजूद लौंग न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाने का काम करती है बल्कि ये आपके किचन से कीड़े भगाने में भी मदद कर सकती है। लौंग की तेज और तीखी गंध की वजह से कॉकरोच हो या छोटे-बड़े कीड़े-मकोड़े आसानी से भाग खड़े होते हैं। इस उपाय को करने के लिए लौंग के पाउडर का इस्तेमाल करें। लौंग के पाउडर को पानी में मिलाकर उसका मिश्रण तैयार करके एक स्प्रे बोतल में भरकर किचन की अलमारी और स्टोर रुम में छिड़काव करें।