नई दिल्ली
कांग्रेस ने दावा किया है कि केंद्र सरकार उन किसानों को नोटिस जारी कर रही है जो कि पीएम-किसान योजना के लिए योग्य नहीं हैं। पार्टी की तरफ से कहा गया कि सरकार गरीब अन्नदाताओं से रिकवरी भी करने वाली है। विपक्षी दल ने दावा किया कि सरकार एक तरफ अपने उद्योगपति दोस्तों को करोड़ों रुपये का कर्ज दे रही है और दूसरी तरफ किसानों से पैसा वापस ले रही है।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि जो भी किसान सम्मान निधि के लिए योग्य नहीं हैं सरकार ने उनपर कार्रवाई करना और पैसा वापस लेना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा, यह किसान सम्मान निधि नहीं बल्कि ‘किसान अपमान विधि’ योजना है। जो सरकार अपने उद्योगपित दोस्तों का करोड़ों का कर्ज माफ कर रही है वही अन्नदाताओं से पैसा वापस ले रही है।
बता दें कि साल 2019 में मोदी सरकार ने किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत की थी। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले यह योजना लॉन्च की गई थी। चुनाव से पहले किसानों के खाते में इस योजना के तहत एक किस्त भी पहुंच गई थी। कांग्रेस का कहना है कि सरकार की लिस्ट में दो करोड़ लोग हैं जो कि इस योजना के लिए अयोग्य हैं। ऐसे में किसानों को नोटिस भेजा जा रहा है कि वे पैसा लौटा दें।