Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

किसानों ने जाम किया राजस्थान-पंजाब स्टेट हाइवे:​​​​​​​बोले संगठित होने पर ही मिलेगा पूरा पानी, इसके बिना नहीं पक सकेंगी फसलें

श्रीगंगानगर. किसानों ने गंगनहर में 2500 क्यूसैक पानी की मांग के संबंध में गुरुवार को राजस्थान-पंजाब स्टेट हाइवे जाम कर दिया। किसानों ने कुछ दिन पहले कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान जिला कलेक्टर के उनकी बात नहीं सुनने पर राजस्थान पंजाब स्टेट हाइवे जाम करने की चेतावनी दी थी। घोषित कार्यक्रम के अनुसार किसान सुबह ग्यारह बजे राजस्थान-पंजाब स्टेट हाइवे पर जुटने लगे थे। इसके बाद शुरू हुई सभा में किसानों ने कहा कि उनकी मांग गंगनहर में पूरा पानी देने की है। जब तक इस पर कार्रवाई नहीं होती, किसान विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे। किसानों के चक्का जाम के चलते पंजाब से राजस्थान के बीच आवागमन करने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

संबोधित करते किसान।

संबोधित करते किसान।

संगठित होने से मिलेगा पानी
किसान नेता श्योपतराम मेघवाल ने कहा कि भले ही हम किसी भी राजनीतिक विचारधारा से जुड़े हों लेकिन अंतिम तौर पर हम किसान हैं और हमें संगठित होकर इस मामले पर संघर्ष करना पड़ेगा तब ही हम पूरा पानी ले सकेंगे। उन्होंने जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने गए किसानों से जिला कलेक्टर के व्यवहार की भी निंदा की। किसान नेता संतवीरसिंह मोहनपुरा का कहना था कि यदि हम एक होकर इस स्टेट हाइवे पर बैठे रहे तो यकीन मानिए हमें पूरा पानी मिलकर रहेगा। किसान जब कभी संगठित हुआ है वह अपनी मांगे मनवाकर ही रहा है। किसान नेता रणजीतसिंह राजू ने कहा कि किसान को एक होकर अपने हक की लड़ाई लड़नी होगी। तब ही हम अपना हक ले सकेंगे।

इस मौके पर पूर्व विधायक हेतराम बेनीवाल, किसान नेता पृथीपालसिंह संधू, गुरबलपालसिंह, श्रीगंगानगर जिला सब्जी उत्पादक संघ के जिलाध्यक्ष अमरसिंह सहित कई किसान मौजूद थे। दोपहर में किसानों के प्रतिनिधिमंडल को जिला प्रशासन ने वार्ता के लिए बुुलाया। दोपहर तक वार्ता जारी थी।
ट्रैफिक किया डायवर्ट
चक्का जाम को देखते हुए ट्रैफिक को अन्य रास्तों के जरिए पंजाब की ओर रवाना किया गया। वहीं पंजाब की ओर से आने वाले वाहनों को भी अन्य रास्तों से श्रीगंगानगर में प्रवेश करवाया गया। इस दौरान किसान नेताओं की कई बार वाहन चालकों से तनातनी भी हुई।