जयपुर
राजस्थान में किसान नेता हिम्मत सिंह गुर्जर के ट्वीट से पूर्वी राजस्थान की सियासत गरमा गई है। हिम्मत सिंह गुर्जर ने लगातार दो ट्वीट कर भाजपा सांसद किरोड़ीलाल मीणा की तारीफों के पुल बांधे हैं। कभी गुर्जर आंदोलन के दौरान आमने-सामने हुए दोनों नेताओं की जुगलबंदी से पूर्वी राजस्थान के सियासी समीकरण बदलने के आसार बनते नजर आ रहे हैं। गुर्जर नेता हिम्मत सिंह गुर्जर ने ट्वीट किया- भाजपा सांसद किरोड़ीलाल मीणा गलत राजनीतिक दल में है। कई बार राजनीतिक दल के दबाव में संघी विचारधारा से प्रेरित कार्य करते हुए भी दिखते हैं। लेकिन उनका जमीनी संघर्ष काबिल तारीफ रहा है। मैं उनका प्रशंसक हूं। उनके आंदोलन से मुझे बहुत सीखने को मिलता है। सब चाहते हैं कि वो भाजपा छोड़ दे।