Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

कीटनाशक के असर से फसल खराब, मांगा मुआवजा

  • जिला कलक्टर के नाम एडीएम को सौंपा ज्ञापन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    कीटनाशक दवा के असर से खराब हुई फसल का मुआवजा दिलवाने की मांग को लेकर गांव नगराना के ग्रामीणों ने शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन टिकेत के नेतृत्व में जिला कलक्टर के नाम अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। किसान प्रतिनिधियों ने बताया कि गांव नगराना के ग्रामीण रामकुमार जाट ने मदन गोपाल, सुभाष, वेदपाल पुत्र गोपाल स्वामी की चक 10 एसबीएन स्थित 23 बीघा कृषि भूमि ठेके पर ली हुई है। रामकुमार जाट ठेके पर काश्त करता है। रामकुमार जाट ने इस कृषि भूमि में 13 बीघा भूमि पर बीटी कपास की बुवाई कर रखी है तथा शेष भूमि पर ग्वार व हरा चारा की फसल काश्त की हुई है। इसके साथ ही कृष्ण पुत्र मघाराम से 10 बीघा कृषि भूमि ठेके पर ली है। कुल 23 बीघा कृषि भूमि में बीटी कपास की बुवाई कर रखी है। रामकुमार जाट ने फसल को कीटों से बचाव के लिए अपने परिचत मित्तल एण्ड कम्पनी संगरिया से कीटनाशक दवा ख्खरीद कर 23 बीघा बीटी कपास में स्प्रे किया। मित्तल एण्ड कम्पनी के मालिक राजेश कुमार ने रामकुमार को उक्त कीटनाशक दवा का छिड़काव करने की सलाह दी थी। लेकिन कीटनाशक दवा के असर से कपास की फसल खराब हो गई। रामकुमार जाट की ओर से इस संबंध में उप निदेशक कृषि विस्तार हनुमानगढ़ को ज्ञापन सौंपा गया। तब उप निदेशक ने मौका जांच कर अपनी निरीक्षण रिपोर्ट में कीटनाशक रसायन के दुष्परिणाम से फसल खराब होना पाया। भारतीय किसान यूनियन टिकेत सदस्यों ने रामकुमार जाट को उचित मुआवजा दिलवाने की मांग ज्ञापन के माध्यम से की। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन टिकेत जिलाध्यक्ष रेशम सिंह, संभाग सचिव रायसाहब चाहर, लखवीर सिंह, लख्मान सिंह, रामकुमार गोदारा आदि मौजूद थे।