Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

कृषि भूमि दिलवाने के नाम पर ठगी करने वाले चार आरोपी काबू

  • पीसी रिमांड मंजूर करवा बरामदगी के प्रयासों में जुटी पुलिस
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    कृषि भूमि दिलवाने का झांसा देकर किसी व्यक्ति को फर्जी जमीन मालिक बनाकर जमीन का इकरारनामा लिखवाकर 19 लाख रुपए हड़प धोखाधड़ी करने के मामले में पीलीबंगा पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस चारों आरोपियों का पीसी रिमांड मंजूर करवा पूछताछ में जुटी है। पीलीबंगा थाना प्रभारी इन्द्र कुमार मारवाल ने बताया कि 4 जनवरी को मनोज चायल पुत्र शंकरलाल नाई निवासी श्रीगंगानगर ने रिपोर्ट दी कि सुभाषचन्द्र पुत्र रामलाल सुथार निवासी 34 एमओडी आदि ने षड्यंत्र रचकर योजनाबद्ध तरीके से उसको कृषि भूमि दिलवाने का झांसा देकर किसी व्यक्ति को फर्जी जमीन मालिक बनाकर जमीन का इकरारनामा लिखवाकर 19 लाख रुपए हड़प लिए। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान एसआई हरबंश सिंह की ओर से शुरू किया गया। अनुसंधान अधिकारी ने जांच के बाद इस मामले में सुभाष चन्द्र (55) पुत्र रामलाल सुथार निवासी 34 एमओडी (1 डीबीएन ए) पीएस सूरतगढ़ सदर जिला श्रीगंगानगर, मोहनलाल (38) पुत्र लालचंद जाट निवासी गोलूवाला निवादान, दयाराम उर्फ दयाल (48) पुत्र भागीरथ गोस्वामी निवासी हरदयालपुरा पीएस गोलूवाला व रेशमसिंह (35) पुत्र भगतसिंह बाजगीर निवासी वार्ड 32, मंडी पीलीबंगा को गिरफ्तार किया। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पीसी रिमांड हासिल किया गया है। चारों आरोपियों से पूछताछ जारी है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसआई हरबंश सिंह, हैड कांस्टेबल राकेश, कांस्टेबल अमरसिंह, रमेश, अमनदीप, चन्द्रविजय, संदीप, प्रदीप व साइबर सैल हनुमानगढ़ के कांस्टेबल हर्षवर्धन शामिल थे।