Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

कृषि महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं ने लगाया धरना

श्रीगंगानगर (सीमा सन्देश)। कृषि महाविद्यालय के छात्रों ने फीस कम करवाने की मांग को लेकर आन्दोलन शुरू किया है। कोरोना गाइडलाइन की पालना करते हुए छात्र-छात्राओं द्वारा महाविद्यालय परिसर में पंगतिबद्ध बैठ कर और मास्क लगाकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया। इस दौरान स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलपति के नाम से ज्ञापन भी दिया गया। ज्ञापन में बताया गया है कि स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय बीकानेर में किसान पृष्ठभूमि व ग्रामीण परिवेश के छात्रों से कृषि शिक्षा के नाम पर भारी भरकम फीस प्रति वर्ष एक लाख तीस हजार रुपए तक वसूली जा रही है जो कि गत वर्ष से लगभग दोगुनी है। इसी प्रकार खातोलक व विद्यावाचस्पति के विद्यार्थियों से एक लाख नब्बे हजार रुपए तक फीस वसूली जा रही है। जबकि निजी महाविद्यालय में यह कम है। यहां आने वाले विद्यार्थी किसान परिवारों से है। अत्यधिक फीस होने के कारण उन पर आर्थिक भार पड़ रहा है। इस तरह का प्रदर्शन केवल श्रीगंगानगर ही नहीं बल्कि विश्वविद्यालय से संबन्धित सभी महाविद्यालयों में चल रहा है। ज्ञापन में फीस कम नहीं करने पर अनिश्चतकालीन आंदोलन की चेतावनी दी गई है।