Wednesday, May 13निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

केंद्रीय कर्मचारियों को DA में इजाफे का इंतजार, क्या कहता है अब तक का पैटर्न

नई दिल्ली

केंद्र सरकार के कर्मचारी और पेंशनभोगी सरकार द्वारा महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) वृद्धि की घोषणा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस संबंध में फैसला प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लिया जाएगा। अब सवाल है कि केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को खुशखबरी कब मिलेगी। आइए अब तक के पैटर्न के हिसाब से समझते हैं।

अब तक का पैटर्न: दरअसल, साल में दो बार डीए/डीआर वृद्धि की घोषणा की जाती है। आमतौर पर मार्च और सितंबर के महीनों में सरकार इसमें बढ़ोतरी की जानकारी देती है। मार्च माह में पहली छमाही के डीए/डीआर का ऐलान हो चुका है। वहीं, अब सितंबर का महीना चल रहा है तो यह कहा जा सकता है कि इस माह में सरकार डीए/डीआर बढ़ोतरी का ऐलान कर देगी। यह इसलिए भी क्योंकि माह के आखिरी सप्ताह में नवरात्रि है। कई साल से देखा जा रहा है कि सरकार नवरात्रि के आस-पास ऐलान करती है।

कितनी बढ़ोतरी संभव: साल 2022 की पहली छमाही के लिए डीए और डीआर में 3 फीसदी बढ़ोतरी की गई थी। वहीं, अब दूसरी तिमाही के लिए यह बढ़ोतरी 4 फीसदी की हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो केंद्रीय कर्मचारियों का डीए 38 फीसदी हो जाएगा।