तिरुवनंतपुरम
केरल के तोडुपुझा में भारी बारिश के कारण भूस्खलन होने से एक परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने बताया कि घटना इडुक्की जिले के तोडुपुझा के पास कांजर गांव में देर रात करीब ढाई बजे हुई। पुलिस के मुताबिक, कांजर निवासी थंकम्मा (80), उनका बेटा सोमन (52), उसकी पत्नी शाजी (50), उनकी बेटी शिमा (30) और देवानंद (पांच) की सुबह भूस्खलन में मौत हो गई।
केरल के पहाड़ी इलाकों में पिछले दो दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार के लिए कासरगोड को छोड़कर सभी जिलों में येलो अलर्ट का पूर्वानुमान जताया है। कोट्टायम जिले के नेदुनकुन्नम, करुकाचल गांवों में बाढ़ के कारण स्थानीय निवासियों को निकालने के लिए दमकल कर्मियों को भेजा गया है।