नई दिल्ली
क्रिप्टोकरेंसी में बीते साल 2021 में जबरदस्त निवेश देखने को मिला, वहीं विशेषज्ञों ने इस साल भी क्रिप्टो बाजार में बहार देखने की उम्मीद जताई है। हालांकि, साल 2022 की शुरुआत की बात करें तो साल शुरू होने के साथ ही ज्यादातर क्रिप्टोकरेंसी में गिरवाट का दौर चालू हुआ, जो अभी तक जारी है। शुक्रवार को ये अनियमित बाजार फिर से क्रैश हो गया और बिटक्वाइन की कीमत 6 फीसदी तक घट गई।
2 लाख रुपये तक गिरा बिटक्वाइन का दाम
दुनिया की सबसे पसंदीदा क्रिप्टोकरेंसी बिटक्वाइन की कीमत में शुक्रवार को भारी गिरावट देखने को मिली। इसकी कीमत में 5.89 फीसदी की भारी कमी आई। इस गिरावट के बाद इस डिजटल करेंसी की कीमत 1,98,773 रुपये तक घटकर 31,75,096 रुपये पर आ गई। इस कीमत पर बिटक्वाइन का बाजार पूंजीकरण भी गिरकर 54.7 खरब रुपये के निचले स्तर तक आ गया। बिटक्वाइन के साथ ही दुनिया की दूसरी सबसे लोकप्रिय डिजिटल करेंसी इथेरियम के दाम में भी भारी कमी आई है। इसकी कीमत 6.88 फीसदी या 17,331 रुपये टूटकर 2,34,512 रुपये रह गई। इसका मार्केट कैप 25.3 खरब रुपये रह गया।