सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर। तीन दिन से बादल-बारिश के मौसम से परेशान लोगों को सोमवार धूप को थोड़ी राहत मिली। हालांकि कभी धूप, कभी बादल वाली स्थिति बनी रही। इस बीच, गलनभरी सर्दी से रात के तापमान में गिरावट हुई। जयपुर, उदयपुर, जोधपुर समेत राजस्थान के कई शहरों में बीती रात न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कमी दर्ज की गई। वहीं, माउंट आबू में बारिश, तूफान और सर्द हवाओं ने तापमान में जबरदस्त बदलाव लाया है। एक ही दिन में रात का पारा 4 डिग्री गिरा। वहीं, अधिकतम तापमान में 4 डिग्री का उछाल आया। इससे शहर का तापमान शून्य से माइनस 4 डिग्री और अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा। आज सभी जगह धूप निकलने से न केवल लोगों की दिनचर्या में बदलाव देखने को मिला। बाजारों में लोगों की भीड़ दिखी और शहरों में विजिबिलिटी भी अच्छी रही। किसानों को भी राहत मिली। नमी होने और हवा चलने से जो फसलों के ग्रोथ रुकने का डर था, वह खत्म हो गया।