हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। खराब हुई नरमा, ग्वार व मूंग की फसल का मुआवजा व बीमा क्लेम देने की मांग को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले किसानों ने सोमवार को कृषि विस्तार हनुमानगढ़ उपनिदेशक दानाराम गोदारा को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर किसान नेता ओम स्वामी ने कहा कि अबकी बार नरमा, ग्वार व मूंग की फसल खराब मौसम, बीज कम्पनियों की ओर से दिए गए घटिया पेस्टीसाइड, अत्यधिक बारिश और तापमान के कारण जलकर नष्ट हो चुकी है। किसानों का जो फसल पर खर्चा हुआ है वह भी पूरा नहीं हो पाया है। इससे किसानों पर कर्ज का बोझ बढ़ गया है। अगली फसल की बिजाई में कठिनाई का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने तुरंत प्रभाव से खराबे का सर्वे और क्रॉप कटिंग करवा प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा व बीमा क्लेम दिलवाने की मांग की। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि अगर इन मांगों को पूरा नहीं किया गया तो अखिल भारतीय किसान सभा 30 सितम्बर को कृषि विस्तार उपनिदेशक कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करेगी। इस मौके पर बेअंत सिंह, दर्शनसिंह, छिंदासिंह, जगदीश तंवर, सरपंच बलदेव सिंह, ओम, रोशनलाल शर्मा, विजय शर्मा, अजायब सिंह आदि मौजूद थे।