शिकायत पर टाउन की रामसिंह कॉलोनी स्थित श्रीराम बेकर्स पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई
बेकर्स संचालक को किया पाबंद, लिए सैंपल हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक उपभोक्ता की शिकायत पर शुक्रवार सुबह टाउन की रामसिंह कॉलोनी स्थित श्रीराम बेकर्स का निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी जीतसिंह यादव के नेतृत्व में किए गए निरीक्षण के दौरान स्थिति यह थी कि कर्मचारी गंदगी के बीच केक बना रहे थे। बेकर्स के गोदाम में की गई कार्रवाई के दौरान जगह-जगह गंदगी ही गंदगी मिली। निरीक्षण के दौरान टीम की ओर से मौके पर अवधिपार सामान नष्ट भी करवाया। खाद्य सामग्री के सैंपल लिए। श्रीराम बेकर के संचालक को साफ-सफाई रखने के लिए पाबंद किया। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि विभाग को कुछ दिन पहले टाउन के श्रीराम बेकर्स की शिकायत प्राप्त हुई थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी जीतसिंह यादव का स्थानांतरण होने के बावजूद उन्हें रोककर शुक्रवार को श्रीराम बेकर्स के उस गोदाम जहां केक वगैरा तैयार किए जाते हैं, वहां जांच की गई। आकस्मिक निरीक्षण में जांच में पाया कि बेकरी की निर्माण इकाई को खाद्य सामग्री बनाने के साथ-साथ गोदाम के रूप में भी इस्तेमाल किया जा रहा था। इस कारण वहां पर हर जगह गन्दगी ही गन्दगी थी। उन्होंने बताया कि संचालक की ओर से खाद्य सामग्री बनाने के लिए उपयुक्त मापदण्ड इस्तेमाल नहीं किए जा रहे थे। निर्माण इकाई का परिसर भी बहुत छोटा था। इसके अलावा वहां पर कागज, गत्ते, खाली डब्बे एवं अन्य प्रकार की अनुपयुक्त सामग्री का ढेर पड़ा था और वहीं पर ही केक-पेस्ट्री बनाई जा रही थी। इससे खाद्य सामग्री में गन्दगी मिल रही थी। इसके अलावा तैयार खाद्य सामग्री भी खुले में रखी हुई थी। इस दौरान निर्माण इकाई से पेस्ट्री एवं केक का नमूना भी लिया गया तथा केक-पेस्ट्री के निर्माण में इस्तेमाल होने वाला खाद्य पदार्थ, डार्क कम्पाउण्ड (वेनेलियर ब्राण्ड) प्रोपराइट्री फूड का भी नमूना जांच के लिए लिया गया, जिसे जांच के लिए बीकानेर भेज दिया गया। संचालक को पाबंद किया गया कि निर्माण इकाई की पर्याप्त सफाई व्यवस्था करवाएं। वहां रखे हुए कागज, गत्ते, खाली डब्बे आदि को नष्ट कर वहां पर केवल खाद्य सामग्री के निर्माण में उपयोग में आने वाली वस्तुओं को ही रखा जाए। उन्हें निर्देश दिए गए कि सफाई व्यवस्था के बाद ही निर्माण इकाई का पुन: संचालन किया जाए अन्यथा विभाग की ओर से कठोर कार्यवाही की जाएगी। डॉ. नवनीत शर्मा बताया कि जिले में अगर कहीं पर मिलावटी खाद्य पदार्थ तैयार अथवा बेचान किया जाता है, तो उसकी सूचना मोबाइल नम्बर 75972-22000 अथवा व्हाट्सएप पर दी जाए। सीएमएचओ ने बताया कि अमानक खाद्य सामग्री विक्रय करने पर रोक के लिए सरकार काफी गंभीर है। इसी के तहत विभाग के फूड इंस्पेक्टर की ओर से लगातार सैंपलिंग की जा रही है। खाद्य व्यापारियों से भी अपील है कि वे मिलावट कर आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न करें।