अलवर
पूर्व केंद्रीय मंत्री राजवर्धन सिंह राठौड़ दिल्ली से जयपुर जाते समय बहरोड़ रुके। जहां पर उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राजस्थान में मंदिरों को तोड़ा जा रहा है साथ ही महिलाओं, बच्चों के साथ रोजाना बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लगता है राजस्थान में कानून दरिंदों के हाथ में है। उन्होंने कहा कि राजस्थान का कोई भी जिला, कोई भी गांव महिला उत्पीड़न के मामले में अछूता नहीं है।
चित्तौड़गढ़ की घटना का जिक्र करते हुए राजवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि छोटी बच्ची के साथ बलात्कार कर कुएं में डाल दिया गया। दौसा में एक विवाहिता के साथ बलात्कार किया और फिर में कुएं में डाल दिया। कामा में एक महिला के साथ कब्रिस्तान में बलात्कार किया गया फिर उसके ऊपर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। कांग्रेस के विधायक कहते हैं राजस्थान मर्दो का प्रदेश है।
राठौड़ ने सीएम को निशाने पर लेते हुए कहा कि इन सब घटनाओं के जिम्मेदार खुद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत हैं, क्योंकि गृह विभाग उनके पास होने के बावजूद बदमाश सरेआम वारदात करते हैं। अलवर की घटना पर जिक्र करते हुए कहा कि राजस्थान में जिस तरह से मंदिरों को तोड़ा जा रहा है वह निंदनीय है, कांग्रेस सरकार हिंदुओं पर अत्याचार कर रही है।