जयपुर
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षतान में आज कैबिनेट की बैठक शाम 5 बजे मुख्यमंत्री आवास पर होगी। इसके बाद 5.45 पर मंत्रिपरिषद की बैठक होगी। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास और महिला एवं बाल विकास मंत्री ममता भूपेश सचिवालय में प्रेस वार्ता कर कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देंगे। माना जा रहा है कि कैबिनेट की बैठक में बाढ़ग्रस्त इलाकों के लिए राहत पैकेज की घोषणा पर चर्चा हो सकती है। कैबिनेट की बैठक का औपचारिक एजेंडा जारी नहीं किया गया है। लेकिन माना जा रहा है कि एक दर्जन विभागों को एजेंडों पर मुहर लग सकती है। 19 सितंबर से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र को लेकर कैबिनेट की बैठक में चर्चा हो सकती है।
विभागों के प्रस्तावों पर होगी चर्चा
बैठक में राजस्व, गृह, शिक्षा, चिकित्सा और आपदा प्रबंधन सहित एक दर्जन विभागों के अलग-अलग प्रस्तावों पर भी बैठक में चर्चा होनी है । चर्चा के बाद उन पर मुहर लगेगी। इसके अलावा अतिवृष्टि से हुए फसल खराबा और जानमाल के नुकसान को लेकर पीड़ित पीड़ित परिवारों को सहायता राशि देने पर मुहर लगेगी।महामारी का रूप ले चुके लंपी रोग, आपदा प्रबंधन सहित कई विभागों के प्रस्तावों पर भी बैठक में चर्चा होनी है।
विधानसभा में रखे जाने वाले बिलों पर भी होगी चर्चा
विश्वस्त सूत्रों की माने तो गहलोत कैबिनेट और मंत्रिपरिषद की बैठक में आज आगामी विधानसभा सत्र में रखे जाने वाले बिलों पर भी चर्चा होगी। बताया जा रहा है कि विधानसभा सत्र में तकरीबन आधा दर्जन से ज्यादा बिल रखे जाएंगे। बिलों पर आज चर्चा के बाद कैबिनेट की मुहर लगेगी और उसके बाद विधानसभा सत्र में बिल रखे जाएंगे।