जयपुर
राजस्थान में एक बार फिर मंत्री और विधायक आमने-सामने हो गए है। सार्वजनिक निर्माण विभाग के मंत्री भजनलाल जाटव और विधायक जोगिंदर सिंह अवाना एक-दूसरे पर जमकर निशाना साध रहे हैं। कांग्रेस के दोनों नेताओं के बीच कई दिनों से शीतयुद्ध चल रहा है। सीएम गहलोत ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है।मामला सड़क निर्माण की गुणवत्ता से जुड़ा है। विधायक जोगिंदर सिंह अवाना ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर PWD मंत्री भजन लाल जाटव पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा है। जवाब में मंत्रा भजन लाल जाटव ने कहा कि दलित नेता कैबिनेट मंत्री क्यों बन गया, यही शिकायत है। विधायक अवाना ने अपने अंदाज में पलटवार करते हुए कहा- याचना नहीं रण होगा, रण में काल प्रकट होगा, महारथी वीर चिल्लाएंगे, फिर भी कोलाहल रोक ना पाएंगे।
कांग्रेस विधायक ने मंत्री भजनलाल पर लगाए आरोप
दरअसल, हलैना-नदबई-नगर पर बनी सड़क की गुणवत्ता को लेकर गहलोत सरकार के मंत्री और विधायक आमने-सामने हो गए है। विधायक अवाना ने सड़क निर्माण में भष्टाचार का आरोप लगाया। अवाना का कहना है कि मंत्री संबंधित अफसर के खिलाफ कार्यवाही करन चाहिए। जबकि सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री भजन लाल जाटव का कहना है कि शिकायत करने के बाद जांच करवाने पर गुणवत्ता सही पाई गई है। मंत्री जाटव का कहना है कि एक दलित गरीब कैबिनेट मंत्री कैसे बन गया, इसके कुछ लोग पचा नहीं पा रहे हैं। इसलिए विधायक अवाना मेरे खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। मेरी शुभकामनाएं। भजनलाल जाटव का कहना है कि मैं तो 3 महीने पहले सार्वजनिक निर्माण विभाग का मंत्री बना हूं। लेकिन विधायक अवाना मेरे खिलाफ बेवजह का माहौल बना रहे हैं। जबकि विधायक अवाना का कहना है कि सड़क निर्माण में करोड़ों रुपये का घोटाला हुआ है। करोड़ो रुपयों के नियम विरुद्ध ठेकेदारों को पेमेंट कराया गया है।