Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

गहलोत से लेकर पायलट तक, नेताओं से नजदीकियों को लेकर चर्चा में है REET पेपर लीक का आरोपी ठेकेदार भजनलाल

बाड़मेर।

राजस्थान के सीमावर्ती बाड़मेर जिले से रीट पेपर लीक प्रकरण में एसओजी की गिरफ्त में आया ठेकेदार भजनलाल बिश्नोई राजनेताओं से नज़दीकियों के लेकर सुर्खियों में है। उसकी गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से लेकर सचिन पायलट और कई मंत्रियों और विधायकों के साथ उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। 

गौरतलब है कि राजस्थान के बहुचर्चित रीट पेपर लीक मामले में एसओजी ने बुधवार को बाड़मेर के ठेकेदार भजनलाल विश्नोई और अभ्यर्थी सोहनी देवी का गिरफ्तार कर लिया है। एसओजी के एडीजी अशोक राठौड़ ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। एसओजी ने दो-तीन दिन पहले ही इन्हें हिरासत में लिया था। उसके बाद लगातार पूछताछ की जा रही थी। 

बताया गया कि पेपर लीक प्रकरण में गिरफ्तार ठेकेदार भजनलाल कई शिक्षण संस्थाएं संचालित करता है। एसओजी की जांच के दौरान पेपर लीक प्रकरण में उसकी संलिप्तता सामने आयी है। मीडिया से बातचीत के दौरान खुद ठेकेदार ने स्वीकार किया था कि उसके यहां काम करने वाले दो तीन लड़के रीट परीक्षा नकल में शामिल हो सकते हैं। इसके बाद एसओजी ने पूछताछ के लिए भजनलाल को जयपुर तलब कर लिया।