Wednesday, May 13निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

‘गेट आउट’ : हरियाणा महिला आयोग अध्यक्ष और महिला पुलिस अधिकारी के बीच तू-तू मैं-मैं

चंडीगढ़ 

हरियाणा के कैथल में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष और एक महिला पुलिस अधिकारी के बीच एक वैवाहिक विवाद को लेकर शुक्रवार को तीखी नोंकझोंक हो गई। इस दौरान आयोग की अध्यक्ष ने सबके सामने पुलिसकर्मी को फटकार लगाते हुए बाहर जाने को कहा और विभागीय जांच की चेतावनी भी दे डाली। 

यह कथित घटना, हरियाणा के कैथल में महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया और पुलिस अधिकारियों के बीच एक बैठक के दौरान हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में भाटिया को महिला पुलिसकर्मी से कहते सुना जा सकता है, ”तुम उसे (व्यक्ति को) थप्पड़ मार सकती थी। तुमने लड़की का तीन बार (मेडिकल) जांच करवाई। बाहर निकल जाओ। तुम्हारे विरुद्ध विभागीय जांच होगी।”

लड़की के 3 बार मेडिकल टेस्ट पर भड़कीं भाटिया

अधिकारी द्वारा विरोध जताने पर रेनू भाटिया ने कहा कि पुलिसकर्मी ने लड़की की तीन बार मेडिकल जांच करवाई, लेकिन व्यक्ति का टेस्ट नहीं करवाया।

अधिकारी ने इस पर जवाब देने का प्रयास किया तो रेनू भाटिया ने थाना प्रभारी को उसे बाहर ले जाने को कहा। महिला अधिकारी ने कहा, ”हम यहां अपमानित होने के लिए नहीं आए हैं।” इसके जवाब में भाटिया ने कहा, ”आप यहां लड़की की बेइज्जती के लिए आए हैं?”