बीकानेर
उदयपुर में गोल्ड लोन कंपनी के करोड़ों रुपए की लूट के बाद बीकानेर में भी इन कंपनियों और ज्वैलर्स के यहां लूट-डकैती जैसी वारदातों को इनपुट पुलिस को मिला है। इसे देखते हुए रेंज में सतर्कता बरती जा रही है। उदयपुर में पिछले दिनों मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी के ऑफिस में 24 किलो सोना और 10 लाख की लूट हुई थी। इस घटना के बाद पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर में अलर्ट जारी किया है। रेंज स्तर पर गुरुवार को सदर थाना सभागार में आयोजित एक सेमिनार में गोल्ड लोन कंपनी और ज्वैलर्स को सुरक्षा संबंधी हिदायतें दी गईं साथ ही उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने गए।
आईजी ओम प्रकाश ने सभी को प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश देते हुए कहा कि उनके यहां काम करने वाले प्रत्येक कर्मचारी का पुलिस वेरीफिकेशन जरूर कराएं। सभी कंपनियों और ज्वैलर्स के यहां बाहर की लेबर होती है। यदि कोई आपराधिक वारदात में शामिल हों तो बिना पुलिस वेरीफिकेशन उन्हें पकड़ना मुश्किल हो जाता है। एसपी योगेश यादव ने कहा कि राजकॉप और पुलिस की वेबसाइट पर जाकर ऑन लाइन वेरीफिकेशन कराया जा सकता है।
उन्होंने हथियारबंद सुरक्षा गार्ड रखने की हिदायत दी। गोल्ड लोन कंपनियों के प्रतिनिधियों और ज्वैलर्स ने भी सुरक्षा संबंधी सुझाव देते हुए हथियार लाइसेंस उपलब्ध कराने की बात कही। प्रतिनिधियों ने कहा कि तेलीवाड़ा, सुनाराें की गुवाड़ सहित सुनार बाहुल इलाकों में पहले 24 घंटे पुलिस गश्त हाेती थी, लेकिन कई साल से यह व्यवस्था बंद कर दी गई है। अभय कमांड सेंटर के कैमरे भी शहर में नहीं लगे हैं।