Monday, August 31निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

ग्रामीणों ने की जीएसएस पर तालाबंदी

  • खेतों में तय समयानुसार विद्युत आपूर्ति करने की मांग
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    खेतों में पर्याप्त समय के लिए बिजली आपूर्ति नहीं करने से आक्रोशित गांव मटोरियांवाली ढाणी, नौरंगदेसर व मोहनमगरिया के ग्रामीणों ने शुक्रवार को नौरंगदेसर जीएसएस पर तालाबंदी कर विरोध दर्ज करवाया। ग्रामीण करीब 2 घंटे तक जीएसएस के बाहर धरने पर बैठकर नारेबाजी करते रहे। मौके पर पहुंचे डिस्कॉम के अधिकारियों से वार्ता में आश्वासन मिलने पर ग्रामीणों ने आंदोलन एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया। इस दौरान पूर्व सरपंच इन्द्रजीत शर्मा ने कहा कि खेतों में इस समय फसलों को पानी की सबसे ज्यादा जरूरत है और इसी समय पर्याप्त समय बिजली आपूर्ति नहीं होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि खेतों में 6 घंटे बिजली देने की बात तय हुई थी लेकिन 5 घंटे बिजली दी जा रही है। इसमें से भी अनेकों बार कट लगाए जाते हैं। इस कारण फसलों की सिंचाई नहीं हो पाती। उन्होंने कहा कि किसानों की एकमात्र आस फसलों पर टिकी होती है लेकिन बिजली व जल आपूर्ति पूरी नहीं मिलने से किसानों की यह आस भी टूटती नजर आ रही है। इसके खिलाफ मजबूरन किसानों को धरना-प्रदर्शन करना पड़ रहा है। बलदेव कुमार ने बताया कि मटोरियांवाली ढाणी में थ्री फेस लाइन है जिसका काम आज दिन तक शुरू नहीं किया गया। अधिकारी संसाधन न होने का बहाना बना रहे हैं। इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। इस दौरान पहुंचे डिस्कॉम अधिकारियों से हुई वार्ता में किसानों ने जल्द से जल्द थ्री फेस लाइन शुरू करने, खराब ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन शुरू करेंगे। इस मौके पर राजेश नायक, मांगीलाल स्वामी, राजेन्द्र चाहर, कृष्ण गोदारा, मदन खीचड़, प्रेम घोटिया आदि मौजूद थे।