Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

घर में घुसकर मारपीट कर चोटें मारने के मामले में तीन जने गिरफ्तार

  • पड़ोसियों के घर में घुसकर की थी मारपीट
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में टाउन पुलिस ने तीन जनों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश, रामबाबू पुत्र गुलाकीदास व बबलू पुत्र भोगिन्द्र दास निवासी मुखर्जी कॉलोनी, टाउन के रूप में हुई है। जांच अधिकारी एएसआई सुरेश मीणा ने बताया कि फुलादेवी (42) पत्नी कारी साहनी निवासी वार्ड 44, मुखर्जी कॉलोनी, टाउन ने 29 जुलाई को मुकदमा दर्ज करवाया कि 24 जुलाई को उसकी बेटी बबीता घर से चली गई थी। उसकी खोजबीन करने पर पता चला कि रामबाबू उसकी लड़की को छोड़कर आया है। 28 जुलाई की रात्रि को घर पर वह, उसका 15 साल का बेटा जितेन्द्र वगैरा सो रहे थे। रात्रि करीब 10 बजे उनके पड़ोसी प्रकाश, रामबाबू पुत्र गुलाकीदास, पंकज दास पुत्र रामबृजदास, बबलू पुत्र भोगिन्द्र दास, उनकी लड़की सीता, मुनिता, जवाई सूरज, राजू वगैरा आए। रामबाबू के हाथ में तलवार, प्रकाश के पास सुआ, पंकज के हाथ में पलटा व अन्य के हाथ में अलग-अलग हथियार थे। इन्होंने उनके घर का गेट खटखटाया तो उसने गेट खोल दिया। सभी लोग उसके घर में घुस गए और उसके साथ थाप-मुक्कों से मारपीट करने लगे व गालियां निकाली। उस समय उसका पति घर पर नहीं था। शोर-शराबा सुनकर उसके बेटे जितेन्द्र ने बीच-बचाव करना चाहा तो रामबाबू ने जितेन्द्र के साथ भी थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। तभी उनके पड़ोसी जयकिशन, दिनेश पुत्र मोतीलाल, गोविन्द पुत्र दिनेश व निशा पत्नी संतोष वगैरा आए तो प्रकाश वगैरा ने इन पर भी हमला कर दिया। इससे जयकिशन, दिनेश, गोविन्द व निशा के भी चोटें लगी। इन चारों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। जांच अधिकारी के अनुसार मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के बाद शनिवार को तीन जनों को गिरफ्तार कर रावतसर कोर्ट में पेश किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी रामबाबू व प्रकाश के खिलाफ पूर्व में भी एक-एक मुकदमा दर्ज है।