मां के भी लगी चोटें, पुलिस ने पर्चा बयान पर दर्ज किया मुकदमा हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। घर में घुसकर छेड़छाड़ व मारपीट कर मां व उसकी विवाहित बेटी को घायल करने का मामला सामने आया है। घायल मां-बेटी का टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। सोमवार को महिला पुलिस थाना की उप निरीक्षक संध्या बिश्नोई ने अस्पताल पहुंच घायल मां-बेटी के बयान लिए। पुलिस इस संबंध में तीन नामजद व दो-तीन अन्य जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल में भर्ती टाउन निवासी विवाहिता ने पुलिस को दिए पर्चा बयान में बताया कि वह टाउन की रहने वाली है। उसका पीहर भी टाउन ही पारीक कॉलोनी में है। वह रविवार को अपनी माता के पास पीहर गई हुई थी। उन्होंने कार्य करवाने के लिए रघुवीर वगैरा को करीब तीन साल पहले रुपए दिए थे। लेकिन उक्त लोगों ने कार्य भी नहीं किया और न ही रुपए लौटाए। रविवार को जब उसने रघुवीर वगैरा को कहा कि अगर उन्हें कार्य नहीं करना है तो वे उनके रुपए लौटा दें। इस पर रघुवीर व उसके भाइयों ने कहा कि वे उनके रुपए लौटा देंगे, वह घर चली जाए। जब वह घर गई तो करीब आधे घंटे बाद रघुवीर, वीरू व सन्दीप पुत्र कालासिंह, रोहित व 2 अन्य जनों ने घर आकर उसके साथ बदतमीजी व गलत हरकतें की। जब उसके परिवार के सदस्यों ने बीच-बचाव करना चाहा तो सभी के साथ मारपीट की। र्इंटें फेंकी व लाठियों से वार किए। इससे उसके व उसकी माता के चोटें लगी। पुलिस संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है।