हनुमानगढ़(सीमा सन्देश संवाददाता)। सूरतगढ़ रोड स्थित गुड डे डिफेंस स्कूल में रविवार को चरण स्पर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक नीलम चौधरी, समाजसेवी सुमन चावला, भागीरथ राजपुरोहित, डॉ. सुरेश कुमार, योग गुरु डॉ राजेंद्र निकुंभ, अमृतपाल, राधेश्याम लखोटिया रहे। अध्यक्षता करते हुए संस्था निदेशक वरुण यादव ने बताया कि गुडडे का मुख्य उद्देश्य देश के भविष्य व आज के बच्चों को संस्कारवान बनाना है। मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक नीलम चौधरी ने कहा कि गुडडे से प्रेरणा लेकर जिले के समस्त विद्यालयों को ऐसे कार्यक्रम का आयोजन करना चाहिए जिससे कि बच्चे सही उम्र में सही मार्गदर्शन प्राप्त कर सके। उन्होने कहा कि ऐसे माहौल और संस्कारों से बच्चे शिक्षा के साथ-साथ संस्कारवान भी बनेगे। उन्होने अभिभावकों से आहवाहन किया कि बचों में नशे की प्रवर्ती बढ़ती जा रही है हमें समाज से इस कुरीति को मिलकर समाप्त करना होगा। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण व पिता पुत्र का सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुआ। संस्था के निदेशक अरुण यादव ने विद्यार्थियों की मेहनत को सराहा तथा उन्हें भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों की महत्ता बताई। सामाजिक कार्यकर्ता सुमन चावला ने चरण स्पर्श कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों में इस तरह के प्रयास निश्चित रूप से ही हमारी परम्पराओं से जोड़कर रखने का सराहनीय कदम है। प्राचार्य कैप्टन करण सिंह व उपप्राचार्य अनुराग छाबड़ा, पंकज उप्पल के द्वारा आए हुए अभिभावकों व सम्मानित अतिथियों का धन्यवाद किया गया।