नई दिल्ली
चेन्नई सुपर किंग्स यानी सीएसके के लिए इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2022 के सीजन से पहले एक बड़ी और बुरी खबर सामने आई है। खबर ये है कि टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज दीपक चाहर आईपीएल के 15वें सीजन के अपने आधे से ज्यादा मैचों को मिस करने वाले हैं। दीपक चाहर को वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच के दौरान चोट लगी थी।
IPL 2021 की चैंपियन टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने दीपक चाहर को आईपीएल के नए सीजन से पहले रिटेन नहीं किया था, लेकिन टीम ने मेगा ऑक्शन में उन्हें 14 करोड़ रुपये में खरीदा था। सीएसके ने इतना पैसा दीपक चाहर के लिए इसलिए बहाया था, क्योंकि वे कप्तान एमएस धोनी के पसंदीदा गेंदबाज हैं और वे उनसे उनका बेस्ट निकलवाना जानते हैं।
क्रिकइंफो की रिपोर्ट की मानें तो दीपक चाहर को वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डेंस में खेले गए तीसरे टी20 मैच के दौरान quadricep tear इंजरी हुई थी। इस चोट से उबरने के लिए दीपक चाहर को कई सप्ताह लगेंगे और ऐसे में वे आईपीएल के ज्यादा मैच नहीं खेल पाएंगे। यहां तक कि वे आईपीएल 2022 से बाहर हो सकते हैं, लेकिन माना जा रहा है कि वे आखिरी के कुछ मैचों में उपलब्ध रहेंगे।
आईपीएल 2022 की शुरुआत 26 मार्च से होनी है, जबकि फाइनल मैच 29 मई को खेला जाएगा। चेन्नई सुपर किंग्स यानी सीएसके को अभी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई और नेशनल क्रिकेट एकेडमी यानी एनसीए की ओर से फाइनल रिपोर्ट नहीं मिली है। दीपक चाहर इस समय एनसीए में रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं, लेकिन उनको जो चोट लगी है, वो काफी गंभीर है।