चौटाला की उपस्थिति में कई छात्र नेता इनसो में शामिल
by seemasandesh
राजस्थान से चौ. देवीलाल का खास लगाव रहा है : दिग्विजय चौटाला जयपुर (सीमा सन्देश)। राजस्थान में छात्र राजनीति के सहारे हरियाणा की जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) प्रवेश करने की कोशिश करती दिखाई दे रही है। जेजेपी के प्रधान महासचिव एवं इंडियन नेशनल स्टुडेंट्स आॅर्गेनाईजेशन (इनसो) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला की उपस्थिति में सोमवार को यहां जयपुर में प्रदेश के कई छात्र नेताओं ने इनसो में शामिल होने की घोषणा की। इन छात्र नेताओं व उनके समर्थकों का दिग्विजय चौटाला की उपस्थिति में स्वागत किया गया। चौटाला ने इस अवसर पर कहा कि सभी युवाओं को इनसो में पूरा मान-सम्मान मिलेगा। इस अवसर पर आयोजित एक प्रेस काँफ्रेंस में चौटाला ने कहा कि वीरों की भूमि राजस्थान से जननायक चौ. देवीलाल का खासा लगाव रहा है और ऐसा ही स्रेह छात्र संघ चुनाव में राजस्थान के युवाओं से इनसो को मिला है। बड़ी संख्या में युवा इनसो की विचारधारा से जुड़े और इसके परिणाम छात्र संघ चुनाव में देखने को मिले। इन स्थानों पर इनसो समर्थित प्रत्याशी जीते इस अवसर पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि छात्र संघ चुनाव में इनसो ने आयुर्वेद विवि जोधपुर के छात्र संघ अध्यक्ष सहित कई कॉलेजों में जीत हासिल की। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेद विवि जोधपुर में इनसो प्रत्याशी विकास कुमार शर्मा अध्यक्ष चुने गये। स्वामी विवेकानंद कॉलेज टिब्बी में इनसो प्रत्याशी बबनदीप सरां ने जीत हासिल की। एसडी कॉलेज से इनसो प्रत्याशी सुखप्रीत सिंह छात्र संघ अध्यक्ष बने, वहीं एमडी कॉलेज रावतसर में इनसो समर्थित प्रत्याशी तुषार सिंह राठौड़ अध्यक्ष चुने गये। श्रीगंगानगर जिले में डॉ. राधाकृष्णन गर्ल्स कॉलेज में इनसो की सपना गोदारा अध्यक्ष तो मंजू जांदू उपाध्यक्ष चुनी गर्इं। परमानंद डिग्री कॉलेज से इनसो समर्थित प्रत्याशी नीरज ने जीत हासिल की। जयपुर ग्रामीण के डीसीएम कॉलेज से इनसो प्रत्याशी हंसराज चौधरी अध्यक्ष व रामभजन गुर्जर महासचिव चुने गये। जयपुर के राजस्थान कॉलेज में इनसो समर्थित प्रत्याशी अध्यक्ष चुने गये। कोटपुतली के कोटकासिम संस्कृत कॉलेज में इनसो प्रत्याशी पंकज पंवार के नेतृत्व में पूरे पैनल ने निर्विरोध जीत हासिल की। एलबीएस कॉलेज में इनसो प्रत्याशी संदीप जाट ने सचिव पद पर जीत प्राप्त की। झुंझुनूं के राजकीय कन्या महाविद्यालय हेतमसर में इनसो के पूरे पैनल ने निर्विरोध जीत प्राप्त की। ये छात्र नेता इनसो में हुए शामिल सोमवार को चौटाला की उपस्थिति में इनसो में जो छात्र नेता शामिल हुए उनमें श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विवि जोबनेर, जयपुर के महासचिव सचिन नैतड़, राजकीय कृषि महाविद्यालय अलवर के अध्यक्ष रमेश चौधरी, राजकीय कृषि महाविद्यालय नागौर के अध्यक्ष दिनेश चौधरी, राजकीय कृषि महाविद्यालय कोटपूतली के अध्यक्ष अशोक राठौड़ व युवा उद्यमी एवं तकनीकी महाविद्यलय आलागढ़ के अध्यक्ष रोशन धाकड़ मुख्य हैं।