चंडीगढ़
पंजाब के सीएम चरणजीत चन्नी के रिश्तेदारों पर ईडी रेड के बीच पंजाब में सियासत गरमाई हुई है। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के बाद शिअद नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम मजीठिया ने शनिवार को रेत माफिया मामले में सीएम चरणजीत सिंह चन्नी पर गंभीर आरोप लगाए। चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मजीठिया ने दावा किया कि चमकौर साहिब में सीएम चन्नी की शह पर ही अवैध माइनिंग हो रही है। मजीठिया ने कहा कि पंजाब के सीएम चन्नी के एक रिश्तेदार के आवास पर ईडी की छापेमारी ने साबित कर दिया कि कांग्रेस के राज में भ्रष्टाचार चल रहा है। ईडी ने 10 करोड़ रुपये नकद और सोना बरामद किया। उसके खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय कांग्रेस आलाकमान चुनाव आयोग से शिकायत कर रहा है।
केजरीवाल ने कहा, चन्नी के भतीजे के घर से करोड़ों रुपये मिलने के बाद हैरान है पंजाब
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रेड को लेकर आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर सीधा हमला बोल दिया है। केजरीवाल ने कहा है कि मुख्यमंत्री चन्नी अपनी चमकौर साहिब की सीट से चुनाव हार जाएंगे। ईडी की रेड में चन्नी के भतीजे के घर से करोड़ों रुपये मिलने के बाद पंजाब के लोग हैरान हैं।
इससे पहले अरविंद केजरीवाल ईडी रेड को लेकर ही मुख्यमंत्री को बेईमान आदमी कह चुके हैं। इसको लेकर आप और कांग्रेस नेताओं में सियासी घमासान मचा हुआ है। शुक्रवार को ट्वीट कर अरविंद केजरीवाल ने फिर मुख्यमंत्री चन्नी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के सर्वे में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव में अपनी चमकौर साहिब सीट से हार जाएंगे। पंजाब के लोग ईडी अधिकारियों की ओर से नोटों के बंडलों की गिनती करते हुए देखकर हैरान हैं।