श्रीगंगानगर
दिवाली के बाद अब छठ पूजा की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। शहर में तीन पुली नहर के आसपास के इलाके में पूर्वांचल समाज के लोगों ने तैयारियां करनी शुरू कर दी है। नहर के किनारे लोगों ने अपने लिए घाट तैयार कर लिए हैं। इन घाट पर लोगों के पूजन सामग्री, ज्योत आदि रखने तथा नहर में लोगों के उतरने के लिए प्रबंध किए जाएंगे। इसके लिए छठ पूजा सेवा समिति के कार्यकर्ता नहर के किनारे पहुंचने लगे हैं।
शुक्रवार से शुरू होंगे आयोजन
छठ पूजा सेवा समिति के उमेश चौधरी बताते हैं कि छठ पूजा के आयोजन शुक्रवार से शु्रू हाे जाएंगे। पहले दिन नहाय खाय होगा। इस दिन पूर्वांचल समाज के लोग नहा धोकर शुद्ध होकर व्रत की शुरुआत करेंगे। इसके अगले दिन शनिवार को खरना होगा। इस दिन घरों में अलग-अलग तरह के पकवान बनाए जाएंगे। इसके साथ ही लोग व्रत भी रखेंगे।
नहर किनारे लगाया जाएगा मंच
पर्व के लिए नहर के किनारे व्यवस्थाएं की जाएंगी। यहां छठ मइया के जागरण के लिए मंच लगाया जाएगा। इसके अलावा अस्थाई बाजार सजाया जाएगा। इसमें लोग खरीदारी करेंगे। आतिशबाजी की जाएगी। छठी मइया को रविवार शाम अर्घ्य के बाद सोमवार सुबह एक बार फिर अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद व्रत का पारणा किया जाएगा।