Wednesday, July 3निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जनता से जुड़ी कोई भी योजना को नहीं किया जाएगा बंद-शर्मा

जयपुर (वार्ता). राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा है कि भाजपा सरकार के शासन में जनता से जुड़ी हुई कोई भी योजना बंद नहीं की जाएगी बल्कि जनता की सेवाओं में जन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
श्री शर्मा ने सोमवार को भाजपा कार्यालय में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जयंती महोत्सव को सुशासन दिवस के रूप में मनाने के अवसर पर यह बात कही। श्री शर्मा ने इस मौके आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में भाग लिया और लोगों को विश्वास दिलाते हुए कहा कि अब शासन बदल गया, प्रदेश में सुशासन आ गया। भाजपा सरकार के शासन में जनता से जुड़ी हुई कोई भी योजनाएं बंद नहीं की जाएगी बल्कि जनता की सेवाओं में जन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। सरकार 100 दिन की कार्य योजना पर कार्य कर रही है। सरकार भाजपा के संकल्प पत्र में शामिल सभी वादों को पूरा करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने आयुष्मान योजना में पांच लाख की सीमा को बढ़ाकर 10 लाख तक किया इसके बाद अब प्रदेश में इस योजना के तहत खर्च राशि 25 लाख रुपए तक की करने पर कार्य किया जा रहा है। भाजपा सरकार के शासन में नि:शुल्क मिलने वाली दवाईयां बंद नहीं की जाएगी बल्कि गंभीर बीमारियों में उपयोगी दवाइयों को भी नि:शुल्क योजना के तहत मरीजों को उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
श्री शर्मा ने कहा कि श्री वाजपेयी के सपने को साकार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान सरकार सबका साथ सबका विकास योजना पर कार्य करेगी। प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार सहन नहीं किया जाएगा, इसके लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए है वहीं भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए अधिकारियों को पाबंद कर दिया गया। इतना ही नहीं, भ्रष्टाचारियों और उनकी सिफारिश करने वालों को भी नहीं बख्सा जाएगा। प्रदेश में प्रधानमंत्री मोदी की जीरो टोलरेंस नीति के तहत कार्य किए जाएंगे। ना खाउंगा और ना खाने दूंगा की नीति पर काम होगा अगर किसी को भ्रष्टाचार करते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी होगी और वसूली भी की जाएगी।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यालय परिसर में श्री वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, सांसद रामचरण बोहरा, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाडी, विधायक गोपाल शर्मा एवं आचार्य बाल मुकुंदाचार्य, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, प्रदेश उपाध्यक्ष सरदार अजयपाल सिंह, श्रवण सिंह बगडी, महामंत्री दामोदर अग्रवाल, उप महापौर पुनित कर्नावट, रवि नैय्यर, चंद्र मोहन बटवाडा, प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ, कार्यालय प्रभारी महेश शर्मा आदि मौजूद थे।