Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जबरदस्त है सूर्या की फिल्म का मोशन पोस्टर, फीमेल लीड के रूप में होंगी दिशा पाटनी

मुंबई

तमिल सुपरस्टार सूर्या ने ‘सोरोराई पोटरू‘ के लिए खूब प्रशंसा बटोरी। इसके अलावा इसी साल रिलीज हुई ‘जय भीम‘ को समीक्षकों के साथ दर्शकों ने खूब सराहा। सूर्या की आने वाली 42वीं फिल्म का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। ‘सूर्या 42′ नाम से बन रही फिल्म का मोशन पोस्टर शुक्रवार को रिलीज कर दिया गया है। इसका निर्देशन शिवा करेंगे। फिल्म एक फैंटसी ड्रामा है जिसे 3डी में शूट किया जाएगा। साउथ फिल्मों का क्रेज इन दिनों जिस तरह पूरे देश में देखा जा रहा है मेकर्स इसे बड़े पैमाने पर लॉन्च करना चाहते हैं।

सूर्या की पहली पीरियड फिल्म


‘सूर्या 42‘ कुल 10 भाषाओं में रिलीज होगी। मोशन पोस्टर देखकर ऐसा मालूम पड़ता है कि सूर्या एक योद्धा की भूमिका में नजर आ सकते हैं। यह उनकी पहली पीरियड फिल्म होगी। सूर्या और शिवा पहली बार किसी फिल्म के लिए साथ काम कर रहे हैं। इसमें फीमेल लीड के तौर पर दिशा पाटनी को साइन किया गया है। फिल्म जल्द ही फ्लोर पर जाएगी। इसके बाकी कास्ट और क्रू का ऐलान भी जल्द किया जाएगा। 

युद्ध की दिखी झलक


मोशन पोस्टर में एक बाज युद्ध मैदान के ऊपर से उड़ता है। यहां एक युद्ध की झलक मिलती है। मोशन पोस्टर के अंत में बाज एक योद्धा के कंधे पर बैठ जाता है। सूर्या ने मोशन पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, ‘हम अपने इस एडवेंचर भरे काम की शुरुआत के लिए आपकी शुभकामनाएं चाहते हैं।‘