जयपुर
राजस्थान के जयपुर, बीकानेर, अजमेर, भरतपुर संभाग के 12 से ज्यादा जिलों में बीती रात बारिश हुई। राजधानी जयपुर में देर रात बिजली कड़कने के साथ कई इलाकों में तेज बरसात हुई। बारिश रुक-रुक कर सुबह तक होती रही। जयपुर में पिछले 12 घंटे के दौरान 8MM से ज्यादा पानी बरसा, जो जनवरी के महीने में एक दिन में हुई बारिश का पिछले 4 साल का सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड है। उधर, मौसम विभाग ने अगले 3 दिन अब प्रदेश में घना कोहरा पड़ने की आशंका जताई है। इसको लेकर जयपुर, अजमेर, बीकानेर, भरतपुर संभाग के जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार सुबह 11 बजे तक कई हिस्सों में सूरज नहीं निकला। बादल छाए रहे।
मौसम के यू-टर्न के बाद सर्दी फिर बढ़ गई। हालांकि किसानों के लिए यह राहत भरी रही। गेहूं, सरसों, चने, जौ की फसलों में सिंचाई का इंतजार कर रहे किसानों को अब सिंचाई करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्रदेश में बारिश की स्थिति देखें तो आज गंगानगर, बीकानेर, चूरू, अजमेर, नागौर, सीकर, दौसा, अलवर, करौली, हनुमानगढ़ समेत कई जगह बारिश हुई। सबसे ज्यादा अजमेर में 20MM बारिश दर्ज हुई। इससे पहले शुक्रवार देर शाम जयपुर समेत कई शहरों में ठंडी हवाएं चली और तापमान में गिरावट हुई। सर्दी बढ़ने से लोगों की भी मुश्किलें बढ़ गईं। वहीं, जयपुर के कई इलाकों में आज सुबह भी कोहरा छाया रहा।
जयपुर के अलावा बारिश की स्थिति देखें तो सीकर के फतेहपुर में 16, चूरू में 10, झुंझुनूं के पिलानी में 10MM बारिश दर्ज हुई। सर्दी और तापमान की स्थिति देखें तो आज करौली, अलवर, धौलपुर को छोड़कर शेष शहरों का रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही दर्ज हुआ।