Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जहरीली गैस ने ली तीन की जान: पहले एक मजदूर कुएं में उतारा, बचाने गए दो और की भी हो गई मौत

नवांशहर। पंजाब के नवांशहर जिले के गांव बुर्ज टहिल दास में जहरीली गैस से तीन लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक व्यक्ति नवांशहर का रहने वाला है, जबकि दो लोग बिहार के रहने वाले हैं। जानकारी के अनुसार गांव बुर्ज टहिल दास निवासी किसान परमजीत सिंह (40) अपने पास काम करने वाले जनार्दन रिशी देव और राकेश यादव के साथ खेत गए थे। यहां उन्हें पता चला कि कुएं में लगी मोटर खराब हो गई है। कुएं की मोटर में खराबी देखने जनार्दन रिशी देव नीचे उतारा लेकिन वह बेहोश हो गया। जनार्दन रिशी को बेहोश होते देख उसे बचाने राकेश और किसान परमजीत सिंह भी नीचे कुएं में उतरे। कुएं में जहरीली गैस बन रही थी। यही वजह है कि तीनों कुएं में बेहोश होकर गिर पड़े। कुछ देर बाद वहां पहुंचे लोगों ने तीनों को कुएं में गिरा देखा। इसके बाद उन्हें बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। थाना औड़ प्रभारी बख्शीश सिंह ने बताया कि तीनों मृतकों का पोस्टमार्टम करवा शवों को मोर्चरी में रखवा दिया गया। परिवार के बयान के आधार पर 174 के तहत कार्रवाई की गई है।