दो दिवसीय जिला स्तरीय राजस्थान युवा महोत्सव-2023 का आगाज हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिला स्तरीय आयोजन समिति के तत्वावधान में दो दिवसीय जिला स्तरीय राजस्थान युवा महोत्सव-2023 का आगाज सोमवार को जंक्शन के अरिहंत पैलेस में हुआ। युवा महोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम में राजस्थान राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त पवन गोदारा, जिला प्रमुख कविता मेघवाल, विधायक प्रतिनिधि भूपेन्द्र चौधरी, जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी, ब्लॉक समन्वयक राहुल व्यास, जिला स्तरीय अहिंसा बोर्ड के सह संयोजक तरुण विजय, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनवारी लाल मीणा, जिला परिषद सदस्य मनीष गोदारा, गुरमीत सिंह, डीईओ माध्यमिक हंसराज जाजेवाल, जिला युवा अधिकारी रीना केसरिया, एडीईओ रणवीर शर्मा, एसीबीईओ रजनीश गोदारा आदि मौजूद रहे। प्रदेश के युवाओं को मौका देने, उनकी प्रतिभा को निखारने एवं राज्य की दुर्लभ एवं लुप्त कला तथा संस्कृति के संवर्धन-संरक्षण के लिए आयोजित युवा महोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम की शुरूआत अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र समक्ष दीप प्रज्जवलित कर की गई। जिला स्तरीय राजस्थान युवा महोत्सव में ब्लॉक स्तर पर चयनित प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। जिला स्तरीय राजस्थान युवा महोत्सव में चयनित प्रतिभाएं राज्य स्तर पर आयोजित होने वाले युवा महोत्सव में हिस्सा लेंगी। युवा महोत्सव के पहले दिन युवा प्रतिभाओं ने अपनी प्रस्तुतियां दी। उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते अतिथियों ने कहा कि इस तरह के नवाचारों से युवाओं में नए जोश का संचार होगा। वे शिक्षा के साथ-साथ कला के क्षेत्र में भी अपना व क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। युवा वर्ग नशे से दूर रहकर इस तरह के आयोजनों में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए आगे आएगा। डीईओ हंसराज जाजेवाल ने बताया कि प्रदेश की लोक कला एवं संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए राजस्थान युवा बोर्ड की ओर से राजस्थान युवा महोत्सव का आयोजन करवाया जा रहा है। इसका उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली युवा कलाकारों की खोज करना तथा उन्हें प्रशिक्षण एवं सुविधा देकर राष्टÑीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करना है ताकि कलाकारों को स्वावलंबी बनाया जा सके। इसी सिलसिले में जिला स्तरीय युवा महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जाजेवाल ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में विजेता रहने वाले प्रथम तीन स्थानों के कलाकार जिला स्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं। जिले के 7 ब्लॉक में से 6 ब्लॉक में कार्यक्रम आयोजित करवाया जा चुका है। टिब्बी में 200 से कम पंजीयन होने पर अभी तक प्रतियोगिता नहीं करवाई जा सकी है। जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिले के ब्लॉक लेवल से चयनित 400 से अधिक कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। जिला स्तर से विजेता प्रथम तीन स्थानों के कलाकारों को राज्य स्तरीय युवा महोत्सव जयपुर में अपना प्रदर्शन दिखाने का मौका मिलेगा। युवा महोत्सव में सामूहिक लोक गायन, सामूहिक लोक नृत्य, शास्त्रीय नृत्य-कथक, भरतनाट्यम, ओड़िसी, मणिपुरी, कुचीपुरी , शास्त्रीय (हिन्दुस्तानी) नाटक, चित्रकला (पोस्टर बनाना, मिट्टी मॉडलिंग), भित्ती चित्र, आशु भाषण (स्लोगन लेखन व एकल गायन कविता), शास्त्रीय वाद्य यन्त्र-हारमोनियम, तबला, बांसुरी, गिटार, सितार, मृदंग वीणा, फोटोग्राफी के साथ ही राजस्थान की लुप्त कला-फड़, रावण हत्था, रम्मत, अलगोजा, मांडना, लंघा मांगणियार, कठपुतली, खडताल, मोरचंग, भपंग आदि का आयोजन किया जा रहा है।