Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जेल में जन्म लियो प्रभुजी थाने, जेल में जन्म लियो

  • श्रीमद् भागवत कथा में पांचवें दिन मनाया गया कृष्ण जन्मोत्सव
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    गांव रोड़ांवाली स्थित श्रीकृष्ण गोशाला समिति में चल रही श्रीमद् भागवत कथा में पांचवें दिन बुधवार को कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। जैसे ही कंस की जेल में कृष्ण ने जन्म लिया, सारा पांडाल जयकारों से गूंज उठा। कथावाचक शंकरदास महाराज ने जेल में जन्म लियो प्रभुजी थाने, जेल में जन्म लियो भजन प्रस्तुत किया तो श्रद्धालु झूमने लगे। कृष्ण जन्म पर पुष्प वर्षा की गई और थाली बजा आतिशबाजी की गई। इससे पहले कथावाचक शंकरदास महाराज ने कहा कि दानवेंद्र राजा बलि ने भगवान को अपना द्वारपाल बनाकर रखा तो लक्ष्मी ने राजा बलि को भाई बनाया। उसके राज्य में चारों ओर धन-दौलत, सुख-समृद्धि का साम्राज्य व्याप्त हो गया। इसी प्रकार यदि हम नारायण की सेवा में रहते हुए न्याय, सत्य व सद्मार्ग पर चलेंगे तो यह निश्चय मानिए कि हमारा घर-परिवार भी फलेगा-फूलेगा। घर में हमेशा सुख-शांति और लक्ष्मी का वास होगा। आयोजन समिति सदस्यों ने बताया कि कथा का समापन 4 मार्च को हवन यज्ञ के साथ होगा। उन्होंने बताया कि कथा के तहत सुबह 5 से 7 बजे तक नित्य प्रार्थना, प्रभात फेरी व प्रवचन कार्यक्रम, 7.30 बजे से 9.30 बजे तक नानी बाई रो मायरो, 11.15 से 3.15 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है।