दुबई (वार्ता)। अपने बल्लेबाजी करियर के स्वर्णिम दौर से गुजर रहे इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंच गये हैं।बुधवार को जारी रैंकिंग के अनुसार, जो रूट न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज के दो मैचों में दो शतक लगाकर आईसीसी पुरुष टेस्ट रैंकिंग में दोबारा पहले स्थान पर आ गये।
पहले टेस्ट में 115 रन की शतकीय पारी खेलने के बाद रूट पूर्व नंबर एक बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन के बेहद करीब आ गये थे, और अब वह दूसरे टेस्ट में 176 रन बनाकर लाबुशेन से पांच पॉइंट आगे निकल गये हैं। टेस्ट खिसक गये हैं।
इससे पहले रूट दिसंबर 2021 में टेस्ट रैंकिंग के शीर्ष पर बने हुए थे, लेकिन लाबुशेन ने उन्हें पछाड़ कर टेस्ट का ताज अपने सिर पर पहना था। जो रूट 163 दिन तक नंबर एक टेस्ट बल्लेबाज रह चुके हैं। इनके अलावा स्टीव स्मिथ (1,506 दिन), विराट कोहली (469 दिन) और केन विलियमसन (245 दिन) ने खेल के सबसे लंबे प्रारूप में अपना लोहा मनवाया है।
रूट के अलावा उनके हमवतन जॉनी बेयरस्टो और कप्तान बेन स्टोक्स ने भी आईसीसी रैंकिंग में छलांग लगायी है। बेयरस्टो ने 92 गेंदों पर 136 रन की मैच विजयी पारी खेलकर टीम को दूसरा टेस्ट जिताने के साथ-साथ 13 पायदान छलांग भी लगायी, और अब वह टेस्ट रैंकिंग में 39वें स्थान पर आ गये हैं। दूसरी ओर स्टोक्स की 75 रन की नाबाद पारी ने उन्हें 27वें स्थान से 22वें पायदान पर पहुंचा दिया है।
न्यूजीलैंड के डैरिल मिचेल भी 190 और 62 नाबाद के अपने निजी स्कोर के साथ 33 पायदान छलांग लगाते हुए 17वें स्थान पर आ गये हैं। उनके साथी और कीवी विकेटकीपर टॉम ब्लंडेल ने भी पहली पारी में शतक लगाकर 31वां स्थान हासिल कर लिया है, जबकि 46 और 52 के स्कोर के साथ डेवन कॉनवे एक पायदान बढ़कर सूची में 23वें नंबर के बल्लेबाज बन गये।