Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

झांकीवाले बालाजी मंदिर में राम नाम की गंगा 10 से

  • सरकारी गाइडलाइन का होगा पालन, सवामणियों का भोग लगेगा व प्रसाद वितरण होगा
    श्रीगंगानगर (सीमा सन्देश)।
    पुरानी आबादी स्थित सिद्धपीठ श्रीझांकी वाले बालाजी मंदिर में पांच दिवसीय अखण्ड राम नाम संकीर्तन 10 से 14 फरवरी तक होगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। पांच दिवसीय उत्सव के दौरान मंडल की बैठक में पूर्व में लिए निर्णय अनुसार ही कार्यक्रम होंगे। सरकारी गाइडलाइन के चलते इस बार भंडारा व ध्वज यात्रा नहीं होगी। मंडल के मुख्य सेवादार प्रेम अग्रवाल ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पांच दिवसीय अखण्ड राम नाम संकीर्तन होगा। आमसभा में लिए गए निर्णय के अनुसार ही पांच दिवसीय कार्यक्रम सम्पन्न होंगे। पांच दिन तक लगातार ‘‘सियाराम जय जय सियारामा सियारामा जय रामा जय जय राम…’’ की गंगा बहेगी। इस कार्यक्रम के लिए मंदिर व आसपास के इलाके में भव्य सजावट की जाएगी। पिछले वर्षों की तरह ही सवामणियों का भोग लगेगा तथा भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा। मंडल के सेवादार सेवा में जुट गए हैं। सरकार की ओर से नई गाइड लाइन जारी होने के बाद गाइडलाइन के अनुरूप पांच दिवसीय कार्यक्रम सम्पन्न करने का निर्णय किया गया है। पांच दिन तक मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की व्यवस्था के लिए सेवादारों को जिम्मेदारियां दे दी गई है। मास्क पहनकर आने पर ही श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश कर पाएंगे। उल्लेखनीय है कि सिद्धपीठ श्रीझांकी वाले बालाजी भजन मंडल की ओर से 45 वर्षों से अखण्ड राम नाम संकीर्तन हो रहा है। गत वर्ष भी यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इलाके की सुख समृद्धि व खुशहाली के लिए श्रीबालाजी महाराज को पांच दिन तक लगातार राम नाम संकीर्तन सुनाया जाता है।