Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

झुंझुनू में लंपी वायरस का कहर, दो हजार से ज्यादा पशुओं की मौत; नहीं हो रहा वैक्सीनेशन

झुंझुनू

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में पिछले एक महीने में करीब दो हजार से अधिक पशुओं की लंपी वायरस से मौत हो चुकी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार झुंझुनू जिले में लंपी का पहला मामला गत 29 जुलाई को सामने आया था। एक महीने में लंपी वायरस पूरे जिले में फैल चुका है। सरकार ने वैक्सीन भी उपलब्ध कराई है लेकिन पशुपालन विभाग के अधिकारियों की मानें तो सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक जिले में पशुओं का वैक्सीनेशन नहीं कराया जा सकता है।

पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. रामेश्वर सिंह ने बताया कि हाल ही में कराये गये एक सर्वे में सामने आया है कि झुंझुनू जिले में लंपी से बीमार पशुओं की संख्या 2.75 प्रतिशत है और अबतक 0.95 प्रतिशत पशु रिकवर हो चुके हैं। जबकि लंपी से मौत का आंकड़ा 0.15 फीसदी है। सूत्रों के अनुसार जिले में इस एक महीने में करीब दो हजार से अधिक पशुओं की लंपी से मौत की खबरें आ रही हैं।

बीमारी के लक्षणों के आधार पर संक्रमित पशुओं को दी जाने वाली दवाओं की उपलब्धता भी जिले के सभी 335 सेंटर्स पर करवा दी गई है। गोवंश को लंपी से बचाने के लिए तमाम तरह के उपाय तत्काल शुरू किए गए लेकिन संक्रमण पर काबू नहीं हो सका है। सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक झुंझुनूं में लंपी संक्रमित पशुओं का टीकाकरण किया जाना उचित नहीं है।