टेम्पो व पिकअप की भिड़ंत, एक जने की मौत, दो गंभीर घायल
by seemasandesh
फोरलेन पर गांव मक्कासर के पास देर रात हुआ हादसा हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। सूरतगढ़ फोरलेन पर स्थित गांव मक्कासर के पास टेम्पो व पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में टेम्पो चालक की मौत हो गई जबकि टेम्पो सवार दो सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गर्इं। दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसा गुरुवार देर रात्रि को हुआ। इस संबंध में शुक्रवार को जंक्शन पुलिस थाना में पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। जंक्शन पुलिस थाना के एएसआई मुबारक अली ने बताया कि गुरुवार रात्रि को करीब साढ़े बारह-एक बजे के बीच टेम्पो चालक आनन्द (31) पुत्र रामचन्द्र शाह निवासी आईटीआई बस्ती, जंक्शन अपने टेम्पो में पीलीबंगा से सवारी बैठाकर हनुमानगढ़ आ रहा था। गांव मक्कासर पहुंचने से कुछ पहले पिकअप गाड़ी नम्बर एचआर 55 टी 9730 के चालक ने अपने वाहन को तेज व लापरवाही से चलाकर टेम्पो के टक्कर मारी। हादसे में गंभीर चोटें लगने से टेम्पो चालक आनन्द की मृत्यु हो गई। टेम्पो सवार दो अन्य जनों के भी गंभीर चोटें आर्इं। दोनों गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से बीकानेर रेफर कर दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इस संबंध में मृतक आनन्द के भाई भरत राम की रिपोर्ट पर पिकअप गाड़ी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।