हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिले में अनेकों प्रतिभाएं छुपी हुई हैं। बस आवश्यकता है उन्हें सही मार्गदर्शन और उचित मंच देने की। ऐसी ही एक प्रतिभा है जयविकास। जंक्शन के बेबी हैप्पी मॉर्डन पीजी कॉलेज में अध्ययनरत जयविकास ने टैलेंट प्लस में अपनी गायकी के जरिए प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए पूरे देश में से टॉप 200 में अपना स्थान पक्का किया है। जयविकास ने बताया कि दिल्ली में हुए आॅडिशन में हजारों प्रतिभागियों में उन्होंने अपना स्थान मजबूत किया है। टैलेंट प्लस एक विख्यात टीवी शो है जिसमें पूरे देश में कुछ हटकर और अलग करने वाली प्रतिभाओं को चुना जाता है। उन्होंने बताया कि 20 अप्रेल के बाद उनका बॉम्बे में फाइनल आॅडिशन है जिसमें निर्णायक मण्डल में बॉलीवुड कोरियोग्राफर खुशी राजपूत सहित बॉलीवुड के अन्य जज मौजूद होंगे। टॉप 10 का चयन किया जाएगा। जयविकास ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता व गुरुजनों को देते हुए कहा कि माता-पिता और गुरुजनों के प्रोत्साहन से आज वह इस मुकाम पर पहुंच पाया है।