जालंधर (वार्ता). सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान के तस्करी के एक और नापाक प्रयास को नाकाम करते हुए पाक ड्रोन द्वारा गिराई गई ढाई किलोग्राम हेरोइन की खेप बरामद की है।
बीएसएफ के जनसंपर्क अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि बुधवार की रात को लगभग नौ बजे सीमा पर तैनात बीएसएफ के जवानों ने तरनतारन के सीमावर्ती गाँव वान के पास पाकिस्तान से भारत की ओर आने वाले ड्रोन की भनभनाहट सुनी। उन्होने कहा कि सैनिकों ने तुरंत ड्रोन को रोकने के लिए प्रतिक्रिया दी और गहराई पर तैनात दलों को भी सतर्क कर दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि बीएसएफ के मोटरसाइकिल गश्ती दल ने इलाके में वान की ओर आ रहे एक बाइक सवार को देखा, जिसमें हेड लाइट बंद थी। सुरक्षा बल द्वारा रुकने का इशारा करने पर बाइक सवार ने मारी कंबोके गांव की ओर भागने के क्रम में बाइक की गति तेज कर दी। बीएसएफ के गश्ती दल ने बाइक का पीछा किया और मारी कंबोके गांव में लावारिस बाइक बरामद हुई जबकि बदमाश भाग गया था।
बीएसएफ और पंजाब पुलिस द्वारा पूरे गांव की घेराबंदी कर एक संयुक्त तलाशी ली गई। इस दौरान एक पैकेट पीले चिपकने वाले टेप से कसकर लपेटा गया हेरोइन का एक पैकेट बरामद हुआ, जिसका कुल वजन दो किलो 500 ग्राम था। जब्त सामान को आगे की जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है।