करौली. मंडरायल उपखंड की चंदेली पुरा ग्राम पंचायत के मुरीला गांव में शनिवार को तालाब में डूबने से 3 बच्चियों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बच्चियों के शव तालाब से बाहर निकाले।
चंदेली पुरा ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच अशोक ने बताया कि राजकुमारी (11) पुत्री विद्याराम निवासी मुरीला, सनई (12) पुत्री यादराम निवासी मुरीला और गौरा (12) पुत्री हरकेश निवासी रामपुर की झोपड़ी तथा एक अन्य बच्ची के साथ दोपहर करीब 12 बजे गांव के पास स्थित तालाब में नहाने चली गई। जहां 3 बच्चियां नहाने लगी और एक बच्ची किनारे पर ही रुक गई। गहरे पानी में जाने के कारण डूबने लगी और एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में सभी बालिकाएं गहरे पानी में चली गई। इस दौरान तालाब पर बैठी बच्ची भागकर घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीणों की भीड़ तालाब पर जमा हो गई। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बच्चियों के शव तालाब से बाहर निकाले। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार, एसडीएम और पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। पूर्व सरपंच ने बताया कि गौरा अपने ननिहाल मुरीला गांव में ही रहती थी और गांव की लड़कियों के साथ तालाब में नहाने चली गई।