ट्यूबवैल से तार चोरी करने का मामला हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। खेत में लगे ट्यूबवैल से तार चोरी करने के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को जंक्शन पुलिस ने शनिवार को न्यायालय में पेश कर पीसी रिमांड मंजूर करवाया है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस आरोपियों से चोरीशुदा तार की बरामदगी के प्रयास कर रही है। जांच अधिकारी एएसआई जसकरण सिंह ने बताया कि शुक्रवार को राजाराम पुत्र ओमप्रकाश गोदारा निवासी मक्कासर की ओर से मुकदमा दर्ज करवाया गया था। रिपोर्ट में राजाराम ने बताया कि 8 जून की रात्रि को उसके खेत में लगे ट्यूबवैल से दीपक उर्फ दीपू, कमल व जगराज सिंह उर्फ राज तथा एक अन्य बिजली के तार चोरी कर ले गए। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के बाद दीपक उर्फ दीपू (22) पुत्र वीरूराम माली निवासी नई खुंजा, जंक्शन, कमल उर्फ गोरिया (27) पुत्र लालचंद माली निवासी शंकर कॉलोनी, जंक्शन व जगराज सिंह उर्फ राज (20) पुत्र हरदेव सिंह जटसिख निवासी नहरी कॉलोनी सादुलशहर हाल नई खुंजा, जंक्शन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तीनों युवकों ने कई ट्यूबवैल से तार चोरी करने की बात स्वीकारी है। तीनों आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश कर पीसी रिमांड मंजूर करवाया गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा तार बरामद किए जाने हैं। साथ ही इनकी गैंग में शामिल अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह जंक्शन पुलिस ने मोहल्लेवासियों की सूचना पर नई खुंजा में दबिश देकर तार चोरी करने के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया था। साथ ही बिना नम्बरी बाइक भी जब्त की। इसके बाद उक्त युवक के दो अन्य साथियों को भी दस्तयाब किया। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।