Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

तो क्या सच में रविंद्र जडेजा की इंजरी से खफा है BCCI? टी20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर होना है टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका

नई दिल्ली

टी20 वर्ल्ड कप 2022 को लेकर टीम इंडिया की टेंशन खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही है। एशिया कप 2022 में टीम इंडिया फाइनल तक भी नहीं पहुंच पाई। जसप्रीत बुमराह की इंजरी ने पहले ही टीम मैनेजमेंट को मुश्किल में डाल रखा है, इसके बाद रविंद्र जडेजा की घुटने की सर्जरी ने भी थिंक टैंक को परेशानी में डाल दिया है। जडेजा की इंजरी को लेकर एक ऐसी बात सामने आ रही है, जिसके बारे में कम ही लोग जानते हैं। दरअसल मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) जडेजा की इंजरी को लेकर खफा है।

जडेजा को टीम बॉन्डिंग एक्टिविटी के दौरान चोट लगी है। एडवेंचरस एक्टिविटी के दौरान जडेजा खुद को बैलेंस नहीं कर पाए और चोट लगा बैठे। एक सूत्र ने टीओआई से कहा, ‘एक एडवेंचर एक्टिविटी के दौरान उनको स्की बोर्ड पर खुद को बैलेंस करना था। यह एक्टिविटी ट्रेनिंग मैनुअल का हिस्सा नहीं थी। यह बिल्कुल गैरजरूरी था। वह फिसल गए और उनका घुटना मुड़ गया। जिसके लिए उन्हें सर्जरी करानी पड़ी।’

टीम इंडिया ने ग्रुप राउंड में अपने दोनों मैच जीत लिए थे। पहले पाकिस्तान फिर हांगकांग को हराने के बाद टीम इंडिया को सुपर-4 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले एक दिन का ऑफ मिला था। जडेजा पहले ही अपने घुटने की चोट से परेशान थे, ऐसे में उन्हें ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत थी, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। जडेजा के बाहर होने से टीम इंडिया के बैलेंस पर भी असर पड़ रहा है।