पार्ल
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का पहला मैच बुधवार को पार्ल के मैदान में खेला जाएगा। टेस्ट सीरीज में मिली 1-2 की हार के बाद भारतीय टीम वनडे में वापसी करना चाहेगी। हालांकि वनडे मैचों में अफ्रीका के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड कुछ खास नहीं है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत ने 35 मैच जीते हैं, जबकि 46 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। दक्षिण अफ्रीका में भारत का रिकॉर्ड और भी खराब है। यहां टीम इंडिया ने 10 मैच जीते हैं और 22 मैचों में हारी है।
आखिरी 10 मैचों में भारत का रिकॉर्ड शानदार है और उसने आठ मैच अपने नाम किए हैं। वहीं दो में उसे हार का सामना करना पड़ा है। इससे पहले जब भारत ने दक्षिण अफ्रीका में वनडे सीरीज खेली थी, तो विराट की कप्तानी में टीम इंडिया जीत दर्ज करके लौटी थी। इस सीरीज में भी लोकेश राहुल वही इतिहास दोहराना चाहेंगे।