Monday, May 4निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

दरवाजे पर लिखा था किशोर से सावधान:आधी फीस मिली तो आधा सिर मुंडवाकर पहुंचे, देव आनंद को गाली देकर भाग गए थे किशोर कुमार

आज गायक-एक्टर किशोर कुमार की 95वीं बर्थ एनिवर्सरी है। वो जितने गजब के गायक थे, उतने ही अफलातून इंसान भी थे। फिल्मी दुनिया की वो इकलौती शख्सियत थे, जिनकी असल जिंदगी के किस्से भी उनकी फिल्मों जितने ही दिलचस्प और हंसाने वाले हैं। किशोर दा को गुजरे तीन दशक से ज्यादा हो गए, लेकिन उनके गाए गाने और अजीबोगरीब हरकतों के किस्से दोनों ही सदाबहार हैं।

आज किशोर दा के जन्मदिन के मौके पर पढ़िए उनकी जिंदगी के कुछ अनसुने किस्से…

चोट लगने पर चिल्ला-चिल्लाकर रोते थे, सुरीली हो गई आवाज

किशोर कुमार का जन्म 4 अगस्त को खंडवा, मध्य प्रदेश में हुआ था, असली नाम था आभास कुमार गांगुली। उनके पिता कुंजालाल गांगुली वकील थे। वहीं नामी बंगाली परिवार से ताल्लुक रखने वालीं उनकी मां गौरी देवी हाउसवाइफ थीं। 4 भाई-बहन अशोक, सीता देवी, अनूप में किशोर कुमार सबसे छोटे थे। किशोर कुमार के बड़े भाई अशोक कुमार ने एक इंटरव्यू में बताया था कि किशोर दा बचपन से सुरीले नहीं थे। उनकी आवाज बैठी हुई थी। जब कभी गुनगुनाते थे तो बेसुरे सुनाई पड़ते थे।

एक दिन बचपन में मां किचन में सब्जियां काट रही थीं। नन्हे से किशोर दौड़ते हुए मां के पास जा ही रहे थे कि वहां रखा धारदार हंसिया उनके पैर में लग गया। पैर कट गया और तेजी से खून बहने लगा। कम उम्र के किशोर दर्द नहीं सह पाए और जोर-जोर से रोने लगे। ऐसे ही जब तक चोट में आराम नहीं मिला, तब तक किशोर दा रोज रोते रहे। घंटों रोने से उनके वोकल कॉर्ड्स पर इतना असर पड़ा कि वो सुरीले हो गए। किशोर दा भी उस हादसे को ही अपनी आवाज का श्रेय देते हैं।

1964 में फिल्म चारूलता का गाना रिकॉर्ड करते हुए किशोर दा।

1964 में फिल्म चारूलता का गाना रिकॉर्ड करते हुए किशोर दा।

क्लासरूम में टेबल पर तबला बजाया तो टीचर ने कहा- गाने-बजाने से कुछ नहीं होगा

किशोर दा को कभी भी पढ़ाई में ज्यादा रुचि नहीं थी। एक दिन वो क्लासरूम में बैठकर टेबल पर तबला बजा रहे थे। सिविक्स की क्लास थी। टीचर ने जैसे ही आवाज सुनी तो जोरदार फटकार लगा दी।

कहा- पढ़ाई-लिखाई में ध्यान दो, ये गाने-बजाने से कुछ नहीं होगा।

ये सुनकर किशोर कुमार ने जवाब दिया- देखना एक दिन इसी गाने-बजाने से मेरा नाम होगा। सालों बाद अपने हुनर से किशोर कुमार ने वो बात सच कर दिखाई।