Sunday, April 19निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

दलित-अल्पसंख्यक पर बढ़ते अत्याचार के खिलाफ किया प्रदर्शन

  • एससीएसटी वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए सख्त कानून बनाने की मांग
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    दलित-अल्पसंख्यक व आदिवासियों पर बढ़ते अत्याचार के खिलाफ भीम आर्मी व आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला कलक्ट्रेट पर विरोध-प्रदर्शन किया। विरोध-प्रदर्शन के बाद राष्टÑपति के नाम उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंप एससीएसटी वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए सख्त कानून बनाने सहित अन्य मांगें की। पार्टी के जिलाध्यक्ष रेवंतराम पंवार ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकारें देश और राज्य के विभिन्न हिस्सों में दलित-आदिवासी, अल्पसंख्यक और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को रोकने में असफल रही हैं। उन्होंने कहा कि 3 मई को दिल्ली में जन्तर-मन्तर पर देश की महिला पहलवानों के साथ जो अत्याचार हुआ वह अत्यंत ही चिंताजनक है। देश की चैम्पियन बेटियां न्याय की गुहार देश की राजधानी में लगा रही हैं और गूंगी-बहरी सरकारें मौन हैं। लेकिन आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) का मानना है कि अपराधों को छुपाने में नहीं बल्कि उन पर सख्त कार्यवाई करने से रोक लगेगी। उन्होंने कहा कि आजाद भारत में और विशेष रूप से राजस्थान में अस्पृश्यता की घटनाएं बड़े पैमाने पर हो रही हैं, सरकार इन घटनाओं को रोकने के बजाय छुपाने का कार्य कर रही है। केन्द्र और राज्य सरकार एससीएसटी सब प्लान और अन्य संबल योजनाओं में आवंटन धनराशि इन वर्गों के लिए विशेष रूप से खर्च नहीं कर रही है। राज्य सरकार पिछले तीन-चार वर्षों में एससीएसटी वर्गों के लिए आवंटित धनराशि को इन्हीं वर्गों पर खर्च करने के संबंध में श्वेत पत्र जारी करे। राजस्थान में दलित, आदिवासियों और महिलाओं के उत्पीड़न की घटनाओं को खत्म करने और उनके सम्मान व अधिकारों की रक्षा के लिए सख्त कानून बनाया जाए। जन्तर-मन्तर पर धरना दे रही बेटियों की मांगों को माना जाए। एससीएसटी अत्याचार के मामलों में तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, राजस्थान में बालिका से दुष्कर्म के बाद दस टुकड़े करने, रामप्रसाद मीणा को सरकार के मंत्रियों की ओर से आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने, बाड़मेर में दलित महिला के साथ दुष्कर्म कर जिंदा जलाने, कोजाराम की निर्मम हत्या, शहीद ओमप्रकाश रैगर, इंद्र मेघवाल, जितेन्द्र मेघवाल, लक्ष्मण मीणा, पहलू खान और प्रकाश भील की निर्मम हत्याओं और दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक, पिछड़े एवं महिलाओं पर हुए अन्य उत्पीड़न के मामलों की त्वरित जांच के लिए एसआईटी गठित करने की मांग ज्ञापन में की गई। इसके अलावा हनुमानगढ़ के गांव पक्कासारणा में रास्ते को लेकर चल रहे विवाद में महिला पुलिस थाना में दर्ज मामले में नामजद आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, भादरा के जाटान गांव में बाबा साहेब अम्बेडकर चौक का विरोध करने वालों को गिरफ्तार करने आदि की मांग की गई। इस मौके पर राकेश सिंहमार, राजेन्द्र कांटीवाल, रामकुमार नायक, कृष्णलाल, महकदीप कौर, सरोज, राजू, ममता, विनोद कुमार, रामदेव बेरवाल, आजाद पटीर, सतपाल, छिन्द्रपाल आदि मौजूद थे।