Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

दिल्ली समेत एमपी में भी दिखेगा बिपरजॉय का असर

नई दिल्ली. साइक्लोन बिपरजॉय के लैंड फॉल के बाद से लगातार उसके कहर का विस्तार हो रहा है. चक्रवात के तूफानी असर का आलम ये है कि गुजरात के बाद अब राजस्थान इसकी जद में है. वहीं. मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर तक इसके आफ्टर इफेक्ट पड़ने की आशंका जताई है. आईएमडी की ओर से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक, चक्रवात इस समय दक्षिणी राजस्थान के मध्य में है. यह आज शाम तक प्रभावी रहेगा.
दक्षिण राजस्थान में आज भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ ही अब मध्य प्रदेश में कल (सोमवार) भारी बारिश की संभावना है. यूपी के दक्षिणी हिस्से में 2-3 दिनों में बारिश होगी. अरब सागर से आ रही हवाओं की वजह से दिल्ली एनसीआर में हल्की बारिश हो रही है. मानसून के 2-3 दिनों में पूर्वी भारत में दस्तक देने की संभावना है. आईएमडी वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने ये जानकारी दी है.
उधर, बात करें राजस्थान की तो यहां शनिवार को भारी बारिश हुई. राजस्थान के तीन जिले जालोर, सिरोही और बाड़मेर चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के कारण हुई भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति से जूझ रहे हैं. एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि अब तक किसी भी तरह के जन-जीवन के हानि के नुकसान की सूचना नहीं है. अधिकारियों ने कहा कि एमरी और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल से किसी भी घटना की स्थिति में तैयार रहने का अनुरोध किया गया है.
पाली जिले में निचले इलाकों में जलभराव के कारण फंसे कम से कम छह लोगों को राज्य आपदा राहत बल (एसडीआरएफ) ने बचाया. राज्य आपदा एवं राहत सचिव पीसी किशन ने कहा, भारी बारिश के कारण जालोर, सिरोही और बाड़मेर में बाढ़ जैसी स्थिति है. उन्होंने कहा, अभी तक मानव जीवन और पशुओं के नुकसान की कोई खबर नहीं है. हमारी टीमें अलर्ट पर हैं.