नई दिल्ली
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रविवार को होने वाले दूसरे टी20 मुकाबले से पहले आसमान पर छाए बादलों ने आयोजकों और प्रशंसकों को चिंतित कर दिया है, क्योंकि इससे इसी स्टेडियम में भारी बारिश के कारण रद्द हुए पिछले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच की याद ताजा हो आयी हैं।
कोविड-19 महामारी के बाद यह पहला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच है, जिसकी सारी टिकटें बिक चुकी हैं। बारसापारा स्टेडियम में पिछला अंतरराष्ट्रीय मैच पांच जनवरी 2020 को भारत और श्रीलंका के बीच टी20 मैच था जिसे लगातार बारिश के कारण रद्द करना पड़ा था।
मैच से पहले मीडिया से मुखातिब हुए भारतीय मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने कहा कि स्टेडियम में दर्शकों को फिर से देखना शानदार है। द्रविड़ ने कहा, ”जून के बाद से जब से सारी पाबंदियां हटी हैं, जब भी हम भारत में खेलते हैं तो सारे स्टेडियम खचाखच भरे होते हैं। यह देखना शानदार है।”
क्षेत्रीय मौसम विभाग ने रविवार को गुवाहाटी में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की भविष्यवाणी की है, जिसमें गरज के साथ एक या दो बार बारिश भी हो सकती है। आयोजकों ने हालांकि कहा कि उन्होंने बारिश के कारण समय बरबादी को कम करने के लिए सभी इंतजाम किए हैं।