सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर। संयुक्त व्यापार मंडल अध्यक्ष तरसेम गुप्ता के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने जिला कलक्टर को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर पंजाब से राजस्थान की नहरों में आ रहे दूषित व कैमिकलयुक्त जानलेवा पानी पर अंकुश लगाने तथा जिलेवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग की है।
इस शिष्टमंडल में किशनलाल मील, रमेश गर्ग, पवन बतरा, राधेश्याम बंसल, निश्चय जनवेजा, नरेन्द्र चौधरी, जसवंत गोयल, मुकेश तलूजा, नीरज ठकराल आदि शामिल थे।
तरसेम गुप्ता के अनुसार ज्ञापन में कहा गया है कि गत कुछ वर्षों से श्रीगंगानगर जिले की जीवनदायिनी नहरों में पंजाब की फैक्टरियों का कैमिकलयुक्त जहरीला काला पानी तथा सीवरेज का बदबूदार पानी आ रहा है।
इससे इलाके में कैंसर रोगियों की संख्या बढ़ती जा रही है। अनेक लोग बीमारियों की चपेट में आकर अकाल मृत्यु का शिकार हो रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग घातक बीमारियों से पीड़ित हैं। जहरीले दूषित पानी की समस्या अब विकराल रूप धारण कर चुकी है। इस संबंध में विभिन्न संगठनों द्वारा अनेकों बार केन्द्र सरकार तथा राजस्थान व पंजाब सरकार एवं केन्द्रीय व राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को पत्र लिखकर इस समस्या से मुक्ति दिलाने का आग्रह किया गया है। इसके बाद भी इस समस्या का निराकरण नहीं हुआ।
पंजाब की औद्योगिक इकाइयों द्वारा खुलेआम कैमिकलयुक्त, दूषित व जहरीला पानी और कई शहरों का सीवरेज का पानी भी नहरों में डाला जा रहा है, जिससे जन जीवन प्रभावित हो रहा है।
उक्त पानी बिलकुल भी पीने योग्य नहीं है तथा पंजाब सरकार द्वारा इस सम्बन्ध में कोई कार्यवाही नहीं करके करोड़ों लोगों के जीवन से खिलवाड़ किया जा रहा है।
संयुक्त व्यापार मंडल ने प्रधानमंत्री से माँग की है कि इस मुद्दे की गम्भीरता तथा करोड़ों लोगों के स्वास्थ्य व जीवन के दृष्टिगत जल्द से जल्द पंजाब से राजस्थान की नहरों में आ रहे जहरीले दूषित जानलेवा काले पानी पर अंकुश लगाकर जिलेवासियों को शुद्ध जल उपलब्ध करवाया जाए, ताकि करोड़ों लोगों को राहत मिल सके तथा जन-जीवन की रक्षा हो सके। ज्ञापन की प्रति ईमेल द्वारा पंजाब व राजस्थान के मुख्यमंत्रियों को भी भेजी गई है।