नई दिल्ली।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बीच शिक्षा और विकास को लेकर ट्विटर पर छिड़ी जंग लगातार जारी है। बीते कई दिनों से दोनों राज्यों के नेता एक-दूसरे पर जमकर वार-पलटवार कर रहे हैं। इसी क्रम में हेमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को एक बार फिर ट्विटर पर अरविंद केजरीवाल को टैग करते हुए एक वीडियो शेयर किया है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को फिर से टैग करते हुए ट्विटर पर शिक्षा क्षेत्र में विशेषकर चाय बागानों के लोगों के लिए किए गए अपनी सरकार के कामों को बताया।
उन्होंने एक वीडियो क्लिप शेयर करते हुए कहा, ”जब तक मजबूर न किया जाए, हम चुपचाप काम करना पसंद करते हैं! इस शैक्षणिक वर्ष में हमने चाय बागान श्रमिकों के बच्चों के लिए 100 माध्यमिक विद्यालय बनाए हैं; 100 और पाइपलाइन में हैं। चाय के बागान असम के सुदूर इलाकों में स्थित हैं। इन बुनियादी ढांचे और प्यारे बच्चों को देखें।”